शातिर वाहन चोर किशोर साथी के साथ गिरफ्तार,चोरी की पांच बाइक बरामद

झबरेड़ा। झबरेड़ा पुलिस ने वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर चोर और उसके एक विधि-विवादित किशोर साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मुकदमे से संबंधित चोरी की गई मोटरसाइकिल समेत कुल पांच चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय वाहन चोर गिरोह पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार 15 जून को सालियर निवासी अबुजर पुत्र तुजम्मिल ने अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत झबरेड़ा थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण में प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक तथा उपनिरीक्षक योगेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। गहन जांच के दौरान एक संदिग्ध की गतिविधियां सामने आईं, जिसके बाद मुखबिरों को सक्रिय किया गया। मंगलवार को इकबालपुर-कुंजा रोड स्थित सुनहेटी गेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने रवि पुत्र राजा निवासी ननहेड़ा अनंतपुर, थाना भगवानपुर तथा उसके एक विधि-विवादित किशोर साथी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अन्य वाहन चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चार और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। बरामद वाहनों में झबरेड़ा और भगवानपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई बाइकें भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है, जबकि बरामद वाहनों के संबंध में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, उपनिरीक्षक योगेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक गिरीश सिंह, हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह तथा कांस्टेबल नसीबुद्दीन शामिल रहे।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News