लूटी गई बुलेट बरामद,दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार

मंगलौर। मंगलौर पुलिस ने बुलेट लूट की घटना खुलासा करते हुए दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक भी बरामद की है। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार 5 जून को देवबंद निवासी हिमांशु की बुलेट मोटरसाइकिल को देवबंद रोड पर अज्ञात बदमाशों ने लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने जिलेभर में लगे 296 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की गतिविधियों और लोकेशन को ट्रेस किया। लगातार की गई मेहनत रंग लाई और मंगलवार देर शाम मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सर्वानंद घाट, हरिद्वार क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली प्रभारी भगवान महर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष पुत्र महावीर निवासी डोसीनी, लक्सर तथा सिद्धार्थ पुत्र बिरमपाल निवासी ढंढेरा, सिविल लाइंस रुड़की के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने दो अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं, जो वारदात में शामिल थे और फिलहाल फरार चल रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बुलेट मोटरसाइकिल के अलावा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक भी बरामद कर ली है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गैंग का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।

गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कमल कांत रतूड़ी, कांस्टेबल रणवीर, रोशन, दिनेश तथा सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल शामिल रहे।मंगलौर पुलिस की इस कार्रवाई को लूट की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News