
रुड़की । विश्व रक्तदान दिवस के अवसर पर देवभूमि मानवाधिकार सेवा संघ द्वारा चावमंडी स्थित गौशाला परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में युवाओं, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर में कुल 75 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया
।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव धर्म है। एक यूनिट रक्त किसी गंभीर मरीज को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल जरूरतमंदों की सहायता होती है बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। उन्होंने रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की।एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने कहा कि रक्तदान एक ऐसा पुनीत कार्य है जो बिना किसी भेदभाव के सीधे मानव जीवन बचाने का माध्यम बनता है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए रक्तदान जैसे जनहित कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
देवभूमि मानवाधिकार सेवा संघ के अध्यक्ष विवेक गुप्ता ने कहा कि संगठन लगातार समाजहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। रक्तदान शिविर का उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान अवश्य करना चाहिए।
शिविर के सफल आयोजन में संगठन के सचिव आकाश जैन, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार आहूजा, पूजा गुप्ता, गौरव कौशिक, अजय कंसल, अनुराग त्यागी, संजीव तोमर, नवनीत शर्मा, अमित कुमार, शगुन शर्मा, सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा एवं बृजमोहन सैनी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने सहयोग दिया। कार्यक्रम में रक्तदाताओं के उत्साह और सेवा भावना की सभी अतिथियों ने सराहना की।




