कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर अवस्थापना एवं निर्माण कार्यों में तेजी अपर मेलाधिकारी ने अधिकारियों की टीम के साथ भूपतवाला एवं धनौरी क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, व्यवस्थाओं एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

हरिद्वार। विश्व प्रसिद्ध कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन पूरी सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। अवस्थापना विकास कार्यों को तेजी से पूर्ण कराने के साथ-साथ सड़कों एवं पुलों के निर्माण, मरम्मत तथा अनुरक्षण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। मेला प्रशासन द्वारा निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा के साथ उनकी गुणवत्ता की भी सतत निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। इसके लिए मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका, मेला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों, तकनीकी सेल के अभियंताओं एवं गुणवत्ता परीक्षण हेतु नियुक्त संस्थाओं द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में शुक्रवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अभियंताओं के साथ भूपतवाला-सप्तसरोवर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर आंतरिक सड़कों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़कों के मरम्मत एवं सुधार कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अपर मेलाधिकारी ने कहा कि मेला प्रशासन इस क्षेत्र की सड़कों के सुधार को अत्यंत गंभीरता से ले रहा है। मेलाधिकारी द्वारा भी पूर्व में कई बार क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थानीय समस्याओं का गहन अध्ययन किया गया तथा सड़कों के सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने भारत माता मंदिर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने वाले मार्ग के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण सुधार के लिए लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह मार्ग श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में इस सड़क का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण आवश्यक है।

अपर मेलाधिकारी ने कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था तथा नालियों की नियमित एवं समुचित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने धनौरी-सिडकुल मार्ग पर पथरी रौ नदी पर निर्माणाधीन दो लेन मोटर पुल के कार्यों का भी स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश देते हुए निर्धारित समयसीमा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी।

इस दौरान अधिशासी अभियंता सिंचाई अनुभव नौटियाल, तकनीकी सेल के अभियंता अतुल शांडिल्य सहित लोनिवि व नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *