
रुड़की।जीवनदीप आश्रम,वृंदावन द्वारा धार्मिक नगरी वृंदावन के सेक्टर-32,रुक्मिणी विहार स्थित जीवनदीप आश्रम का भव्य लोकार्पण समारोह अत्यंत गरिमामय एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ।इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के अनेक प्रतिष्ठित संत,विद्वान एवं जनप्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।समारोह में सरसंघचालक मोहन भागवत,उप मुख्य मंत्री,उत्तर प्रदेश ब्रजेश पाठक,मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश,मोहन यादव,पूर्व राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान,शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती,साध्वी ऋतम्भरा दीदी तथा जूना अखाड़ा पीठाधीश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि जी सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।इस पावन कार्यक्रम का मुख्य यजमान डॉ०अभिषेक वर्मा (मुख्य राष्ट्रीय समन्वयक शिवसेना एनडीए गठबंधन और चुनाव) के करकमलों द्वारा सम्पन्न हुआ।इस आयोजन में आध्यात्मिक चेतना,सांस्कृतिक एकता एवं सामाजिक समरसता का अद्वितीय संगम रहा,जिसमें देशभर से आए संतों,विद्वानों एवं श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।अपने संबोधन में सरसंघ चालक मोहन भागवत ने सामाजिक जागरूकता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण पर बल दिया।साध्वी ऋतम्भरा दीदी ने आत्मचिंतन एवं सत्कर्मों को जीवन का आधार बताया,जबकि आरिफ मोहम्मद खान ने भारतीय संत परंपरा को ज्ञान एवं संस्कृति का प्रमुख आधार बताया।मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ऐसे आश्रम सनातन संस्कृति के संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा आगामी सिंहस्थ महाकुंभ की तैयारियों का भी उल्लेख किया।कार्यक्रम के दौरान देश की विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।मिजोरम का चापचार कुट (बाँस नृत्य) विशेष आकर्षण रहा,जबकि हनुमान चालीसा पर युवाओं की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। पूर्वोत्तर भारत सहित लेह-लद्दाख की प्रस्तुतियों ने “एक भारत,श्रेष्ठ भारत” की भावना को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया।स्वामी अवधेशानंद गिरि जी ने अपने संबोधन में समाज सेवा,त्याग एवं मानव कल्याण को संत परंपरा का मूल उद्देश्य बताया।जीवन दीप आश्रम के अध्यक्ष स्वामी यतींद्रानंद गिरि जी महाराज ने बताया की यह आश्रम सनातन धर्म सेवा और हिंदुत्व के प्रचार प्रसार के लिए समर्पित रहेगा तथा आने वाले दिनों में देश के अन्य शहरों में भी आश्रम की स्थापना की जाएगी।कार्यक्रम के अंत में डॉ०अभिषेक वर्मा ने सभी संतों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ज्ञानदीप आश्रम आध्यात्मिक जागरूकता,सांस्कृतिक संरक्षण एवं सामाजिक सेवा का सशक्त केंद्र बनेगा।उन्होंने आश्रम के माध्यम से शिक्षा,संस्कार एवं सेवा कार्यक्रमों को निरंतर आगे बढ़ाने तथा युवाओं को सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। युवा समाजसेवी व भाजपा के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह,अरविंद कश्यप व्यापार मंडल अध्यक्ष,युवा भाजपा नेता सौरभ सिंघल,एसएन गोयल,कमल सैनी,रोमा सैनी,निरोत्तम योगी,विकाश गिरी,सौरभ चौधरी व जीवनदीप आश्रम के मीडिया प्रभारी संदीप सिंह आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।






