*7 मार्च को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे को लेकर भाजपा जिला रुड़की में तैयारियां तेज*

रुड़की। 7 मार्च को भारत सरकार के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के प्रस्तावित हरिद्वार दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इस संदर्भ में पार्टी संगठन द्वारा लगातार बैठकें आयोजित कर कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति तैयार की जा रही है।

इसी क्रम में भाजपा जिला रुड़की में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह तथा जिला प्रभारी आदित्य चौहान ने मंडल प्रभारियों, मोर्चा अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री के हरिद्वार दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की मजबूती और कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का हरिद्वार आगमन संगठन के लिए महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाना होगा।

 जिला प्रभारी आदित्य चौहान ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम में अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मंडल से बसों और कारों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हरिद्वार ले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

बैठक में यह भी तय किया गया कि कार्यक्रम की सूचना बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाई जाए, ताकि प्रत्येक बूथ से कार्यकर्ता कार्यक्रम में भाग लेने के लिए समय पर तैयार रह सकें। इसके लिए मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गईं और सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें कार्यक्रम की जानकारी देने के निर्देश दिए गए।

बैठक का संचालन जिला महामंत्री सागर गोयल और अक्षय प्रताप सिंह ने किया ।

पार्टी पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हरिद्वार दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में सैकड़ों बसों, कारों द्वारा कार्यकर्ता कार्यक्रम में भाग लेकर इसे ऐतिहासिक बनाएंगे। भाजपा जिला रुड़की के सभी जिला , मंडल के पदाधिकारीगण, मंडल प्रभारी पाषर्द गण, पंचायत सदस्य,और कार्यकर्ता कार्यक्रम की तैयारियों में पूरी सक्रियता के साथ जुटे हुए हैं, ताकि कार्यक्रम को भव्य और सफल बनाया जा सके।

Samarth Bharat news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat news