
रुड़की। भाजपा जिला कार्यालय रुड़की में आज आईटी कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। जिसमें जिले के सभी मंडलों से आए भाजपा मंडल अध्यक्षों एवं आईटी संयोजकों ने प्रतिभाग किया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक कार्यों में डिजिटल माध्यमों की भूमिका को मजबूत करना तथा आईटी सेल के कार्यों को अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में आईटी सेल की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। संगठन के हर कार्यक्रम, जनसंपर्क, सदस्यता, डाटा प्रबंधन और संवाद में आईटी टीम की सक्रियता संगठन की मजबूती का आधार है। उन्होंने आईटी कार्यकर्ताओं को तकनीक का अधिकतम उपयोग कर संगठन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विशेष रूप से उपस्थित भाजपा प्रदेश आईटी संयोजक प्रवीण लेखवार ने कार्यशाला में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने भाजपा के सरल ऐप सहित विभिन्न डिजिटल टूल्स की उपयोगिता, संचालन प्रक्रिया तथा संगठनात्मक डेटा प्रबंधन की तकनीकों पर कार्यकर्ताओं को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरल ऐप के माध्यम से बूथ स्तर से लेकर जिला स्तर तक गतिविधियों को सरल, पारदर्शी और तेज बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी मंडल अध्यक्षों एवं आईटी संयोजकों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण देते हुए कहा कि डिजिटल व्यवस्था आज भाजपा संगठन की पहचान बन चुकी है।
विधायक प्रदीप बत्रा ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा वह राजनीतिक संगठन है जिसने तकनीक को मिशन के रूप में अपनाया है। आईटी सेल न केवल संगठनात्मक गतिविधियों को सुचारू करती है, बल्कि जनता तक सरकार और संगठन की योजनाओं को सही समय पर पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को इस डिजिटल परिवर्तन अभियान में और अधिक सक्रियता से जुड़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री सागर गोयल, अक्षय प्रताप सिंह , जिला कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, आईटी संयोजक सुशील रावत, मंडल अध्यक्ष गुरजिंदर प्रधान, सुरेश सैनी संदीप पुरी, राजीव राणा , भगत सिंह,प्रशांत कपिल सोहन सिंह राणा, सहित जिले के सभी मंडलों के आईटी संयोजकों और सह संयोजकों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए विभिन्न तकनीकी विषयों पर प्रश्न भी पूछे, जिनका समाधान प्रदेश संयोजक द्वारा विस्तार से किया गया।




