
।हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।रोड़ी बेल वाला क्षेत्र से लापता हुई एक चार साल की मासूम बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने वारदात के जल्द खुलासे के निर्देश दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार बीते रोज रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में झुग्गी डालकर रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी पहुंचकर सूचना दी थी कि बीती 13 मई से उसकी चार साल की मासूम बेटी लापता है।पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की। लेकिन शुक्रवार सुबह पिता खुद अपनी बेटी का शव लेकर पुलिस के पास पहुंचा।

पिता ने पुलिस को जानकारी दी कि वो बेटी को ढूंढते-ढूंढते हुए मनसा देवी मंदिर टनल में पहुंचा तो वहां एक कोने में बेटी का शव बरामद हुआ मिला। प्रथम दृष्टया गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। मासूम से दरिंदगी की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि झुग्गी झोपड़ी रोड़ी बेलवाला हरिद्वार निवासी व्यक्ति (बमबम दास पुत्र स्व() अशोक सिंह) ने चौकी रोड़ी बेलवाला पर आकर सूचना दी कि उसकी 04 वर्षीय बेटी को सूरज नामक एक व्यक्ति 13 मई को लेकर कहीं चला गया है। यह भी बताया कि पिछले 4-5 महीने से उन्ही की झोपड़ी में रह रहा तथा कबाड़ बिनने का काम कर रहा आरोपी सूरज नशे का आदी है और अक्सर सहारनपुर जाता रहता है। दिनांक 13 मई को जब पति पत्नि घर लौटे और बच्ची को नही पाया तो उन्होंने अनुमान लगाया कि सूरज बच्ची को लेकर सहारनपुर चला गया है। इसीलिए दंपत्ति बच्ची की तलाश में सहारनपुर गई थी लेकिन काफी तलाश के बाद भी बेटी या उक्त व्यक्ति का कुछ पता नही चल पा रहा है।

अबोध बच्ची से जुड़ा मामला होने के कारण मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे प्रकरण की जानकारी उच्चाधिकारी गण को दी गई तथा बच्ची की तलाश हेतु संभावित स्थानों पर पुलिस टीमें रवाना करते हुए कोतवाली नगर हरिद्वार पर मुकदमा पंजीकृत किया गया। पीड़ित आज सुबह एक बच्ची का शव लेकर कोतवाली नगर हरिद्वार पहुंचा तथा उक्त शव अपनी बेटी का होने की जानकारी देते हुए बताया कि तलाश के दौरान यह शव उसे रेलवे ट्रैक की सुरंग में पड़ा मिला तथा आरोपी सूरज बेटी की हत्या कर के कहीं भाग गया है। मामले में तत्काल शव के पोस्टमार्टम की कार्यवाही आगे बढ़ाते हुए उच्चाधिकारियों को उपलब्ध जानकारी साझा की गई। वहीं कोतवाली हरिद्वार पहुंचे एस.एस.पी. प्रमेन्द्र सिंह डोभाल द्वारा पूरे मामले की जानकारी करते हुए फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की फोटोग्राफी करने के साथ ही समस्त साक्ष्य एकत्रित कराए गए। वादी द्वारा उपलब्ध कराए गए फोटोग्राफ्स के आधार पर आरोपी की तलाश के लिए कोतवाली पुलिस व सीआईयू की संयुक्त टीमें गठित करते हुए स्थानीय जनता से भी जानकारी जुटाई जा रही है।








