
झबरेड़ा। चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज, झबरेड़ा में 24 सितंबर को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) का स्थापना दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य ओम सिंह सैनी ने किया।

इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाजसेवा और जनजागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम अधिकारी मनोज कुमार, सहायक कार्यक्रम अधिकारी ओमपाल सिंह तथा स्काउट मास्टर अमित कुमार ने अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन और सामाजिक दायित्वों के प्रति प्रेरित किया।
कार्यक्रम में करीब 75 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वक्ताओं ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से समाजहित में बढ़-चढ़कर सेवा कार्य करने का आह्वान किया।



















