
रुड़की। समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट द्वारा आयोजित 27वाँ निशुल्क कांवड़ सेवा एवं चिकित्सा शिविर विधिवत रूप से प्रारंभ हो गया। इस वर्ष यह शिविर संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष स्वर्गीय महेंद्र सिंह सैनी की पावन स्मृति को समर्पित किया गया है।

शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने समर्पण जन कल्याण संगठन ट्रस्ट के सेवा कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि पिछले 27 वर्षों से संस्था जिस समर्पण भाव से 24 घंटे भूखे, प्यासे और थके हुए शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा कर रही है, वह पूरे रुड़की नगर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि संस्था केवल कांवड़ सेवा तक ही सीमित नहीं है, बल्कि वर्षभर पौधारोपण, रक्तदान शिविर, चिकित्सा सेवा एवं अन्य सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाती है। उन्होंने संस्था की पूरी टीम को बधाई देते हुए भविष्य में भी कंधे से कंधा मिलाकर साथ चलने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर संजय अरोड़ा ने भी संस्था के सेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समाजसेवी पूजा गुप्ता, महिला शाखा की संरक्षक रोमा सैनी, मनोज गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
शिविर के दूसरे दिन एनसीसी के कैडेटों ने सेवा का मोर्चा संभालते हुए पूरे समर्पण भाव से शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा प्रारंभ की। संस्था के अध्यक्ष नरेश यादव ने एनसीसी के सभी अधिकारियों एवं विशेष रूप से रवि कपूर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले दो वर्षों से एनसीसी का सहयोग संस्था को निरंतर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि एनसीसी के बच्चे पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ शिवभक्तों की सेवा कर रहे हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि इन सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता प्रदान करें।
नरेश यादव ने नगर के सभी धर्मप्रेमी एवं दानदाताओं से अपील करते हुए कहा कि समर्पण का यह सेवा शिविर पूरे रुड़की नगर का सेवा शिविर है, किसी एक व्यक्ति का नहीं। जो भी श्रद्धालु सेवा, सहयोग अथवा दान करना चाहते हैं, वे शिविर में पहुँचकर पुण्य लाभ अर्जित कर सकते हैं।
इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं में नरेश यादव, प्रदीप गोयल, शशिकांत अग्रवाल, अतुल सैनी, संजीव सैनी, श्रवण सैनी, शेर सिंह सैनी, अनूप बंसल, वंश सैनी, संदीप गोयल, शैलेश बंसल, राजकुमार सोनकर, मनोज मेहरा, गौरव गोयल सरदार इंद्रजीत सिंह, टिंकू, नवीन पुरी, नवीन त्यागी, विक्रम मेहता, नवीन शर्मा, अनिरुद्ध गोयल, विकास गुप्ता, दीपक अग्रवाल, रेनू गुप्ता, बबीता यादव, प्रीति अग्रवाल, चारु गोयल, राधा गोयल रेशु त्यागी एवं नीलम सिंघल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





