Latest Update

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के जन्मदिवस पर रुड़की में भव्य गंगा आरती, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा बोले—‘निशंक जी का जीवन जनसेवा और उत्तराखंड के गौरव का प्रतीक’

रुड़की।पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के जन्मदिवस के अवसर पर सायं बी.टी. गंज स्थित गंगा आरती घाट पर भव्य मां गंगा आरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं सामाजिक संगठनों के लोगों ने भाग लेकर मां गंगा की आराधना की तथा प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

इस अवसर पर डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती में सहभागिता की। गंगा तट पर वैदिक मंत्रोच्चार, दीपों की दिव्य आभा और श्रद्धालुओं के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने डॉ. निशंक को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ का जीवन उत्तराखंड की संस्कृति, शिक्षा, साहित्य और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने प्रदेश के विकास को नई दिशा दी। मां गंगा के पावन तट पर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए हम सभी उनके उज्ज्वल नेतृत्व से प्रेरणा लेते रहेंगे।”

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मां गंगा केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की जीवनधारा हैं। ऐसे पावन अवसर पर गंगा आरती में सम्मिलित होना सौभाग्य की बात है। उन्होंने प्रदेशवासियों से गंगा की स्वच्छता, संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने डॉ. निशंक को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना की। आयोजन भाजपा रुड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह एवं रुड़की नगर निगम की महापौर श्रीमती अनीता अग्रवाल के संयोजन में संपन्न हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News