
रुड़की। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में क्वांटम विश्वविद्यालय, मंडावर में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत मंगलवार को पर्यावरण संरक्षण एवं प्रकृति संवर्धन के उद्देश्य से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भव्य पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैम्प कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया एवं क्वांटम विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित ने पौधरोपण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपनी माँ के सम्मान एवं प्रकृति के संरक्षण के संकल्प के साथ एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण प्रदान किया जा सकता है। उन्होंने कैडेट्स से पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक उत्तरदायित्व के रूप में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डिप्टी कैम्प कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल अमन कुमार सिंह, कैम्प एडजुटेंट कैप्टन सुशील आर्य, क्वांटम विश्वविद्यालय के एस्टेट अधिकारी श्री ललित सैनी, कप्तान धर्म सिंह, फर्स्ट ऑफिसर (डॉ.) पारस कुमार, फर्स्ट ऑफिसर नीरज नौटियाल, सेकंड ऑफिसर अरुण कुमार, केयरटेकर दीपमाला, केयरटेकर दीपिका गोस्वामी, केयरटेकर प्रियंका प्रजापति सहित बड़ी संख्या में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया।
अभियान के अंतर्गत बाँस, जामुन, अमरूद, आम एवं लीची सहित विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाए गए। कैडेट्स ने पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। पूरे परिसर में हरित वातावरण एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश देखने को मिला।
कैम्प कमांडेंट कर्नल जगदीश अलमिया ने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल अनुशासित एवं सक्षम युवा तैयार करना ही नहीं, बल्कि उन्हें पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति भी जागरूक बनाना है। इस प्रकार के कार्यक्रम कैडेट्स में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने के साथ-साथ समाज को भी सकारात्मक संदेश प्रदान करते हैं।





