
मुजफ्फरनगर। जो मां वर्षों से उन लावारिस मृतकों को सम्मानपूर्वक अंतिम विदाई देती आ रही है, जिनके अपनों ने भी उनका साथ छोड़ दिया,जो वृद्धा आश्रम बनाकर बेसहारा माताओं की सेवा करती है उसी मां ने अपने बेटे की शादी में ऐसा आदर्श प्रस्तुत किया है, जो समाज के लिए एक बड़ी सीख बन गया है। लावारिसों की वारिस क्रांतिकारी शालू सैनी ने दहेज जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ अपने घर से ही बदलाव की शुरुआत करते हुए बेटे हैप्पी सैनी का विवाह बिना दहेज के संपन्न कराया। 25 नवंबर को मेरठ जिले के गांव सरसवां लावड़ में हुई इस शादी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समाज को बदलने के लिए केवल भाषण नहीं, बल्कि अपने जीवन में आदर्श स्थापित करने की जरूरत होती है। आज भी समाज के अनेक परिवार बेटियों की शादी के नाम पर दहेज के दबाव, आर्थिक बोझ और सामाजिक अपेक्षाओं से जूझते हैं। कहीं दहेज की मांग बेटियों की खुशियां छीन लेती है तो कहीं इसी कुप्रथा के कारण उन्हें अपमान और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है। ऐसे माहौल में शालू सैनी का यह निर्णय उन परिवारों के लिए उम्मीद की किरण है, जो अपनी बेटियों को सम्मान और सुरक्षित भविष्य देना चाहते हैं। शालू सैनी ने अपने बेटे की शादी में दहेज न लेकर समाज को स्पष्ट संदेश दिया कि रिश्तों की बुनियाद धन-दौलत, सामान और लेन-देन पर नहीं, बल्कि आपसी सम्मान, प्रेम और विश्वास पर होनी चाहिए। उनका मानना है कि जब एक सिंगल मदर अपने बेटे को दहेज लेने से रोक सकती है तो समाज के अन्य परिवार भी इस दिशा में पहल कर सकते हैं। उनकी यह पहल केवल एक पारिवारिक आयोजन नहीं, बल्कि उस सोच के खिलाफ आवाज है जो बेटी के जन्म से ही उसके विवाह और दहेज की चिंता पालने लगती है। उन्होंने संदेश दिया कि हर व्यक्ति को दहेज प्रथा बंद करने के लिए आगे आना चाहिए, ताकि किसी बेटी को दहेज के कारण अपमानित न होना पड़े और किसी परिवार को बेटी की शादी के लिए कर्ज के बोझ तले न दबना पड़े।लावारिसों का अंतिम संस्कार कर मानवता की सेवा करने वाली शालू सैनी ने अब अपने परिवार के संस्कारों के माध्यम से सामाजिक बदलाव की एक और मशाल जलाई है। उनकी यह पहल उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो समाज में बदलाव तो चाहते हैं, लेकिन शुरुआत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाते।समाज को क्रांतिकारी शालू सैनी से सीख लेनी चाहिए

