

रुड़की। नगर निगम कॉम्प्लेक्स में मेयर अनीता अग्रवाल का जन्मदिन धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने केक कटवाकर मेयर को जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और नगर निगम के अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।


जन्मदिन समारोह के बीच शहर के विकास और स्वच्छता को लेकर भी चर्चा हुई। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने मेयर अनीता अग्रवाल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शहर में विकास कार्यों और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रुड़की को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए सभी को आपसी सहयोग से काम करना होगा।



वहीं, मेयर अनीता अग्रवाल ने अपने संबोधन में स्वच्छता रैंकिंग का जिक्र करते हुए कहा कि रुड़की ने इस बार स्वच्छता रैंकिंग में तीसरा स्थान हासिल किया है। अब उनका लक्ष्य शहर को पहले पायदान पर पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक के सहयोग से ही संभव होगी। उन्होंने स्वच्छता अभियान में सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।



समारोह को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए जन्मदिन के अवसर पर स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सकों ने लोगों के स्वास्थ्य की जांच की। मरीजों के रक्त की जांच करने के साथ ही जरूरतमंदों को आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।कार्यक्रम में नगर आयुक्त स्मृता पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, ललित मोहन अग्रवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष दिनेश कौशिक, भाजपा महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, सुभाष सरीन, शुभम अग्रवाल, सावित्री मंगला, पार्षद संजीव राय, नवनीत कौशिक, अनुराग त्यागी, चांदनी, सूरज नेगी, मांगलिक, सागर सैनी, चारु चंद, रिशु वर्मा, सालिम और अमित प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।











