Latest Update

सोलानी नदी के घाटों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन की त्वरित पहल,सुबह ज्ञापन के बाद शाम को संयुक्त मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों संग किया स्थलीय निरीक्षण,घाटों पर सुरक्षा चेन,रेलिंग,सफाई,सौंदर्यीकरण,लाउडस्पीकर एवं चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश

रुड़की।नगर के मध्य से होकर बहने वाली सोलानी नदी के विभिन्न घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह द्वारा आज संयुक्त मजिस्ट्रेट,रुड़की को सौंपे गए ज्ञापन पर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए उसी दिन कार्रवाई प्रारंभ कर दी।संयुक्त मजिस्ट्रेट ने शाम को ही तहसीलदार,नगर निगम रुड़की के मुख्य नगर आयुक्त (एमएनए),लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी),सिंचाई विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों की मौके पर संयुक्त बैठक बुलाई।संयुक्त मजिस्ट्रेट स्वयं अक्षय प्रताप सिंह एवं विभागीय अधिकारियों के साथ नदी के घाटों पर पहुंचे,जहां सुरक्षा व्यवस्थाओं, दुर्घटना संभावित स्थानों एवं आवश्यक सुधार कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान

संयुक्त मजिस्ट्रेट ने घाटों पर मजबूत सुरक्षा रेलिंग,बड़ी लोहे की चेन,घाटों की नियमित सफाई एवं सौंदर्यीकरण सहित दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए,इसके अतिरिक्त घाटों पर जनजागरूकता एवं सुरक्षा के दृष्टिगत लाउडस्पीकर,चेतावनी बोर्ड,सुरक्षा संबंधी मार्किंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई। भाजपा जिला महामंत्री अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि सोलानी नदी के विभिन्न घाटों पर सुरक्षा रेलिंग एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के अभाव में पूर्व में कई दुखद दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें अनेक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।उन्होंने विशेष रूप से पुलों से मजबूत लोहे की चेन नीचे तक लटकाने का सुझाव दिया,ताकि दुर्घटनावश नदी में गिरने वाले व्यक्ति को आपात स्थिति में सहारा मिल सके।उन्होंने कहा कि वर्तमान में नदी की सफाई एवं रखरखाव के लिए जल प्रवाह रोके जाने की अवधि सुरक्षा संबंधी निर्माण एवं सुधार कार्यों के लिए अत्यंत उपयुक्त है।अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।इस विषय पर संयुक्त मजिस्ट्रेट का प्रारंभ से ही निरंतर सहयोग रहा है।पूर्व में भी उन्होंने संबंधित विभागों की बैठक आयोजित की थी और आज ज्ञापन सौंपे जाने के कुछ ही घंटों के भीतर स्वयं सभी विभागों के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए निर्देश एवं स्वीकृति प्रदान की।उनकी इस तत्परता,संवेदनशीलता एवं सकारात्मक सहयोग के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से सोलानी नदी के घाटों को न केवल सुरक्षित, बल्कि स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे।हमारा उद्देश्य केवल घाटों का सौंदर्यीकरण नहीं,बल्कि ऐसी स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना है जिससे भविष्य में किसी भी परिवार को दुर्घटना के कारण अपने प्रियजन को न खोना पड़े।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News