
दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को पनियाला रोड शिवपुरम रुड़की स्थित ज्ञानदीप पब्लिक इंटर कॉलेज में इनर व्हील क्लब के तत्वावधान में एक दिवसीय निःशुल्क चिकित्सा एवं हीमोग्लोबिन जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य की जांच की गई।

शिविर को सफल बनाने में विद्यालय के प्रबंधक महोदय श्री वासुदेव पंत और प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा पंत का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर इनर व्हील क्लब के पदाधिकारियों में डाॅ रमा भार्गव , श्रीमती संगीता प्रुथी, श्रीमती नेहा गुलाटी श्रीमती सोनिया चंदानी तथा अन्य सदस्य रहे।शिविर के दौरान डॉ.रमिता गुप्ता और उनकी मेडिकल टीम ने छात्रों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण कर एनीमिया (खून की कमी) की जांच के लिए हीमोग्लोबिन टेस्ट किया। जिन बच्चों में खून की कमी पाई गई, उन्हें आयरन की गोलियां और उचित खान-पान की सलाह दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक श्री वासुदेव पंत ने अपने संबोधन में कहा, “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना भी बेहद जरूरी है। ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों के बच्चों में अक्सर पोषण की कमी देखी जाती है, ऐसे में इनर व्हील क्लब की यह पहल बेहद सराहनीय है। हम आगे भी ऐसे शिविरों का आयोजन करते रहेंगे।”
वहीं प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा पंत ने इनर व्हील क्लब और डॉ.रमिता गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “इस डिजिटल युग में बच्चे खान-पान के प्रति लापरवाह हो गए हैं। इस जांच शिविर से बच्चों को अपने हीमोग्लोबिन स्तर का पता चला है, जिससे वे अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दे सकेंगे।
इस अवसर पर कॉलेज का समस्त स्टाफ और क्लब के पदाधिकारी उपस्थित रहे।



















