
रुड़की। झबरेड़ी कलां में बहन के प्रेम प्रसंग के चलते बहन और उसके प्रेमी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर को ग्राम झबरेड़ी कलां निवासी अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार ने अपनी बहन रुपा और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना पुत्र अशोक, उम्र करीब 18 वर्ष, की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद मृतक सूरज के पिता अशोक की तहरीर पर कोतवाली झबरेड़ा में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही थी। बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम नहर पुल पिकेट पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर तेज गति से आ रहे एक व्यक्ति को पुलिस ने रुकने का इशारा किया।
पुलिस के मुताबिक, रुकने के बजाय आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले मार्ग पर भागने लगा। पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा पुलिस टीम पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल आरोपी की पहचान दोहरे हत्याकांड के वांछित अमन उर्फ भरोसी के रूप में हुई। पुलिस ने उसे उपचार के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन और सूरज के बीच प्रेम प्रसंग के कारण समाज में बदनामी होने की बात कहते हुए दोनों की हत्या करना स्वीकार किया है। मुठभेड़ के संबंध में कोतवाली झबरेड़ा में आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) बीएनएस और 3/25(1-बी) आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल बरामद हुई है।