
रुड़की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की द्वारा सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह ने पखवाड़े के अंतर्गत होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा पत्रकारों के समक्ष रखी।

डॉ. मधु सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले इस अभियान में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ-साथ सेवा और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देना है। जिला अध्यक्ष ने कहा कि 16 सितंबर को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक विधानसभा में प्रबुद्ध सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे,
कार्यक्रम संयोजक जिला महामंत्री सागर गोयल और जिला महामंत्री अक्षय प्रताप ने बताया कि अभियान के अंतर्गत “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें नागरिक अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देंगे। इसके साथ ही “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” विषय पर विद्यालयों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि “नमो सेवा गाथा” के माध्यम से पिछले वर्षों में हुए सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों की जानकारी नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए स्थानीय कलाकारों एवं युवाओं की टोली तैयार की जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और सामुदायिक क्षेत्रों में प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इसी क्रम में “आंगन का उत्सव” कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों एवं माताओं की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम में बच्चों एवं महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य, पोषण एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी सरल भाषा में दी जाएगी तथा बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ मधु सिंह ने बताया कि कार्यक्रमों में संगठन के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्थानीय कलाकारों एवं आम नागरिकों की सहभागिता रहेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला महामंत्री एवं कार्यक्रम संयोजक सागर गोयल ने कहा कि पूरे अभियान को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए जिला एवं मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं, ताकि प्रत्येक कार्यक्रम अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
प्रेस वार्ता में जिला उपाध्यक्ष संजय अरोरा,भाजपा नेता महेंद्र काला, जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष आदित्य रोड, महिला मोर्चा अध्यक्ष नीलकमल शर्मा,मंडल अध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा,सभासद आकाशदीप गौतम, अंकित गौतम आदि भाजपा पदाधिकारी गण उपस्थित रहे



















