Latest Update

राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला ने सुनी भाजपा पदाधिकारियों की जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

रुड़की। आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला ने भाजपा जिला रुड़की के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक लेकर जिले की विभिन्न विधानसभाओं से संबंधित जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक में भाजपा पदाधिकारियों द्वारा रुड़की, भगवानपुर, झबरेड़ा, कलियर सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख समस्याओं को राज्य मंत्री के समक्ष रखा गया, जिस पर उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में भाजपा पदाधिकारियों ने विशेष रूप से रुड़की नगर क्षेत्र की सड़कों की क्षतिग्रस्त स्थिति से अवगत कराया। इसके अतिरिक्त भगवानपुर एवं झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्रों में बंद पड़े नालों की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। कलियर विधानसभा के रामपुर क्षेत्र में सड़क पर होने वाले जलभराव की समस्या से अवगत कराते हुए वहां जल निकासी के लिए नाले के निर्माण की मांग रखी गई। वहीं चाव मंडी क्षेत्र में बंद पड़े नाले को खुलवाने का विषय भी बैठक में प्रमुखता से उठाया गया।

राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला ने कहा कि “जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भाजपा पदाधिकारियों द्वारा जो भी समस्याएं मेरे संज्ञान में लाई गई हैं, उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। हमारा प्रयास है कि जनता को इन समस्याओं से शीघ्र राहत मिले और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।”

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने जिले के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों का परिचय राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला से कराया। उन्होंने कहा कि “भाजपा संगठन जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है। आज पदाधिकारियों द्वारा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों की जो जनसमस्याएं उठाई गई हैं, उनका निराकरण जल्द ही संबंधित विभागों के माध्यम से कराया जाएगा। भाजपा सरकार जनहित और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।”

बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह ने किया। बैठक में जिला मंत्री नवनीत सिंह, सचिन झवरेड़ी, तेजपाल मौर्य, कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, कार्यालय प्रभारी कदम सिंह, सह प्रभारी अंकित गौतम, युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक, अनुसूचित मोर्चा के अध्यक्ष नीटू मंडावर,अनिल चौधरी, प्रदीप पाल,पार्षद सोहन सिंह राणा, किसान मोर्चा अध्यक्ष सुदेश चौधरी, विपुल चौधरी, सतविंदर प्रधान, सचिन गुर्जर, पुलकित चौधरी, राजकमल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News