
रुड़की। श्रावण मास में शिवभक्त कांवड़ियों का हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। लाखों की संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बुजुर्ग “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ पैदल यात्रा कर सैकड़ों किलोमीटर का सफर तय कर रहे हैं। शिवभक्ति और आस्था का ऐसा अद्भुत नजारा हर किसी को भाव-विभोर कर रहा है।


इसी बीच एक प्रेरणादायक उदाहरण 83 वर्षीय केशव पाल के रूप में देखने को मिला। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बुढाना (मोदीनगर) की ओर जाते समय वह कुछ देर के लिए गंगनहर रोड स्थित प्रेस क्लब रुड़की के कांवड़ सेवा शिविर में रुके। यहां उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया, विश्राम किया और अपने जीवन के कई अनुभव भी साझा किए।

केशव पाल ने बताया कि इस वर्ष वह 110वीं बार हरिद्वार से गंगाजल लेने आए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले 55 वर्षों से वह हर साल दो बार हरिद्वार आकर भगवान शिव के लिए गंगाजल लेकर जाते हैं। उनका कहना है कि वह अपने बेटा-बेटियों, पोता-पोतियों सहित पूरे परिवार, देश और समाज की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना के साथ यह यात्रा करते हैं।

83 वर्ष की उम्र में भी उनकी अटूट श्रद्धा, दृढ़ संकल्प और उत्साह युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी भक्ति यह संदेश देती है कि सच्ची आस्था के सामने उम्र कभी बाधा नहीं बनती।

प्रेस क्लब रुड़की के कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचने पर प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने उन्हें पटका पहनाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने भी उनका आशीर्वाद लिया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।





