
रुड़की। सावन माह के पावन अवसर पर उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा पंचशील काली माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने आयोजित भव्य आरती में सम्मिलित होकर आदिशक्ति माँ काली का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया तथा प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत मंत्री प्रदीप बत्रा ने कांवड़ यात्रा के पावन पर्व पर शिवभक्तों एवं श्रद्धालु कांवड़ियों की सेवा के लिए आयोजित विशाल भंडारे का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और सेवा कार्य में जुटे कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रदीप बत्रा ने कहा कि सावन का महीना आस्था, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। कांवड़ यात्रा में दूर-दूर से आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने सभी शिवभक्तों की मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ एवं माँ काली से प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, आरोग्यता और उन्नति का आशीर्वाद देने की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण देखने को मिला।





