
रुड़की। श्रावण मास में कांवड़ यात्रियों की सेवा के उद्देश्य से गणेश धाम मंदिर, रुड़की में कांवड़ सेवा समिति द्वारा आयोजित द्वितीय विशाल भंडारा एवं चिकित्सा शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर प्रदेश एवं समस्त श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि श्रावण मास में शिवभक्तों की सेवा करना सबसे बड़ा पुण्य है। कांवड़ सेवा समिति जिस निस्वार्थ भाव से शिव भक्तों के लिए भंडारा और चिकित्सा शिविर का आयोजन कर रही है, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि सेवा, समर्पण और मानवता की भावना ही भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान है।
प्रदीप बत्रा ने समिति के सभी पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि शिवभक्तों की सुविधा और स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने समिति को उत्कृष्ट सेवा भावना के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी श्रद्धालुओं पर सदैव बनी रहे और उनकी कांवड़ यात्रा मंगलमय हो।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त, स्थानीय नागरिक एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। पूरे वातावरण में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे।





