Latest Update

एड० समीर रज़ा जाफरी ने दी खुशखबरी, बोले- उत्तराखंड के सभी 1,526 हज आवेदकों का हुआ चयन

रुड़की उत्तराखंड से हज-2027 के लिए आवेदन करने वाले सभी 1,526 हज आवेदकों का चयन हो गया है। चयन की जानकारी मिलने के बाद प्रदेशभर के हज यात्रियों में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य हज समिति के सदस्य एड० समीर रज़ा जाफरी जी ने सभी चयनित हज यात्रियों (जायरीनों) को दिली मुबारकबाद और शुभकामनाएं दी हैं।

एड० समीर रज़ा जाफरी जी ने कहा कि यह उत्तराखंड के हज आवेदकों के लिए बेहद खुशी और सौभाग्य का अवसर है। हज जैसी पवित्र यात्रा के लिए चयन होना हर मुसलमान के लिए एक भावनात्मक और आध्यात्मिक अनुभव होता है। उन्होंने सभी चयनित जायरीनों के लिए हज-ए-मकबूल और सुरक्षित यात्रा की दुआ की।उन्होंने कहा कि सभी चयनित हज यात्रियों को अब अपनी यात्रा से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करनी चाहिए। जैसे पासपोर्ट, स्वास्थ्य जांच, प्रशिक्षण कार्यक्रम, आवश्यक दस्तावेजों और हज यात्रा से संबंधित अन्य औपचारिकताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना जरूरी है, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।उत्तराखंड राज्य हज समिति सदस्य एड० समीर रज़ा जाफरी जी ने बताया कि हज यात्रियों की सुविधा के लिए हमारे माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी व उत्तराखंड हज समिति लगातार प्रयास कर रही है। यात्रियों को हज यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी यात्रा सरल, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो सके।उन्होंने सभी चयनित हज यात्रियों से अपील की कि वे हज यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखें और हज कमेटी व संबंधित विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि हज केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, इंसानियत, समानता और शांति का संदेश देने वाली पवित्र इबादत है।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड से बड़ी संख्या में हज यात्रियों का चयन होना प्रदेश के लिए खुशी का विषय है। सभी चयनित यात्रियों और उनके परिवारों को इस पवित्र अवसर के लिए हार्दिक शुभकामनाएं हैं।अंत में एड० समीर रज़ा जाफरी जी ने सभी 1,526 चयनित हज यात्रियों को एक बार फिर दिली मुबारकबाद देते हुए कहा कि अल्लाह तआला सभी की हज यात्रा को आसान बनाए, उनकी इबादत को कबूल फरमाए और उन्हें सकुशल यात्रा पूरी कर अपने घर वापस लौटने की तौफीक अता फरमाए। उन्होंने सभी जायरीनों के लिए हज-ए-मकबूल और सफर-ए-महफूज की दुआ की।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News