
हरिद्वार। ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय में शनिवार को सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा एवं मंत्री मदन कौशिक ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत, पेंशन, राजस्व, समाज कल्याण, कृषि, स्वरोजगार सहित विभिन्न विभागों की ओर से लोगों को सरकारी सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही कई सेवाओं का लाभ उठाया। अधिकारियों ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत आगामी एक पखवाड़े तक दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, किसानों, युवाओं एवं जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।


इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे। सेवा पखवाड़ा इसी संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
प्रदीप बत्रा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड के इतिहास में सर्वाधिक अवधि तक मुख्यमंत्री रहने का गौरव हासिल करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धामी के नेतृत्व में प्रदेश ने विकास, सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड आने वाले समय में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और जनहित की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा।इस अवसर पर डीएम हरिद्वार मयूर दीक्षित,विधायक आदेश चौहान,विकास तिवारी,राज्यमंत्री आदेश सैनी,ओमप्रकाश जगद्मग्नि,पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल,परिवहन प्राधिकरण सदस्य संजय अरोड़ा,आदि लोग मौजूद रहे।





