Latest Update

जामुन रोड के गड्ढों से मिलेगी निजात, मंत्री प्रदीप बत्रा के निर्देश पर शुरू हुआ पैच वर्क

रुड़की। लंबे समय से जर्जर स्थिति में पड़ी जामुन रोड की मरम्मत का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। सड़क पर पैच वर्क शुरू होने से क्षेत्रवासियों और राहगीरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों ने इस कार्य के लिए उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त किया है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क पर गड्ढों के कारण आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। आने वाले बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक खराब हो जाती , जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती। मामले को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, जिसके बाद सड़क के पैच वर्क का कार्य शुरू कर दिया गया।

कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि जनता की सुविधा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रुड़की विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, पेयजल, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। जामुन रोड की मरम्मत से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा और आवागमन सुगम होगा।

स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई कि पैच वर्क के बाद सड़क की स्थिति में सुधार आएगा और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News