Latest Update

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर खड़े ट्रक में लगी भीषण आग, फायर सर्विस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

रुड़की। दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोतवाली गंगनहर क्षेत्र स्थित राजमहल होटल के पास खड़े एक ट्रक में हाई टेंशन बिजली की लाइन गिरने से अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही फायर यूनिट रुड़की की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। फायर कर्मियों ने होज पाइप फैलाकर स्थिति का जायजा लिया तो पाया कि हाई टेंशन बिजली की लाइन अभी भी ट्रक पर गिरी हुई थी और विद्युत आपूर्ति जारी थी। इसके बाद कंट्रोल रूम को तत्काल स्थिति से अवगत कराया गया तथा चेतक मोबाइल को बिजली घर भेजा गया।

बिजली विभाग द्वारा विद्युत आपूर्ति बंद किए जाने के बाद फायर टीम ने पंपिंग कर कड़ी मशक्कत के साथ आग पर काबू पाया और उसे पूरी तरह बुझा दिया। फायर सर्विस की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से ट्रक के डीजल टैंक को फटने से भी बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

इस घटना में ट्रक को नुकसान पहुंचा है, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने फायर सर्विस की तत्परता और साहसिक कार्य की सराहना की है।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News