
रुड़की। उत्तराखंड राज्य परिवहन विभाग में सदस्य मनोनीत किए जाने पर एडवोकेट विशाल वर्मा को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि एड. विशाल वर्मा को परिवहन विभाग में सदस्य नामित किया जाना पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को सरकार से सीधे जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आमजन और सरकार के बीच संवाद मजबूत होगा तथा जनता की समस्याओं के समाधान में भी तेजी आएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि विशाल वर्मा अपने नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।

इसी क्रम में प्रदेश के परिवहन मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने भी एड. विशाल वर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की। मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर जनहित के कार्यों को और प्रभावी बनाया जा रहा है।
एड. विशाल वर्मा ने उन्हें मिली जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा तथा पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह परिवहन विभाग से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।इस अवसर पर सौरभ गुप्ता,भारत कपूर,नवीन गुलाटी,चौधरी धीर सिंह,कविश मित्तल,रामगोपाल कंसल,एवं अन्य लोग मौजूद रहे।





