Latest Update

वन मंत्री सुबोध उनियाल और परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से मिला सत्य साईं प्रतिनिधिमंडल, जनसेवा के नए अभियानों पर हुई चर्चा। उत्तराखंड में लगेंगे 20 हजार पौधे, बच्चों के लिए लगेगा निशुल्क हृदय जांच शिविर

देहरादून। समाजसेवा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा सत्य साईं सेवा संगठन उत्तराखंड अब जनकल्याण की दिशा में एक और बड़ी पहल करने जा रहा है। संगठन ने पूरे प्रदेश में 20 हजार पौधे लगाने और बच्चों के लिए निशुल्क हृदय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने की महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है।

इन्हीं योजनाओं को लेकर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड के वन मंत्री सुबोध उनियाल तथा परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से मुलाकात कर सेवा गतिविधियों एवं आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक के दौरान वन मंत्री सुबोध उनियाल ने प्रदेश में बच्चों के लिए हृदय स्वास्थ्य जांच शिविरों के आयोजन और व्यापक वृक्षारोपण अभियान को गति देने का आश्वासन दिया। उन्होंने संगठन द्वारा संचालित जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग देने की बात कही।

प्रदेश अध्यक्ष कर्नल योगेंद्र सिंह ने बताया कि संगठन शीघ्र ही ऋषिकेश में बच्चों के लिए निशुल्क हृदय स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करेगा। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम बच्चों की जांच करेगी और जिन बच्चों में हृदय संबंधी बीमारी की पहचान होगी, उनके उपचार की व्यवस्था भी पूरी तरह निशुल्क कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि संगठन ने उत्तराखंड में 20 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। विशेष बात यह है कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी संगठन स्वयं निभाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण का यह प्रयास स्थायी और सार्थक बन सके।

बैठक में समाजसेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अजय स्वरूप, नैनीताल से पहुंचे तिवारी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

“सेवा, स्वास्थ्य और हरित उत्तराखंड” के संकल्प के साथ सत्य साईं सेवा संगठन की यह पहल प्रदेश में सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News