भगवानपुर में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन समारोह उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ मुख्य अतिथि के रूप में भगवानपुर पहुंचे। उनके आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
समापन समारोह में डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने टूर्नामेंट के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह अनुशासन, समर्पण, टीम भावना और संघर्ष की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं तथा उन्हें सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि आज देश में खेलों के लिए अनेक अवसर उपलब्ध हैं और प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने भी खिलाड़ियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के खेल आयोजन प्रतिभाओं को मंच देने का कार्य करते हैं। खेल प्रतियोगिताएं युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को भी मजबूत करती हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए ताकि क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता रहे।कार्यक्रम के दौरान राज्य मंत्री ओमप्रकाश जगदम्बनी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि खेल व्यक्ति के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।समापन समारोह में शोभाराम प्रजापति, ललित मोहन अग्रवाल,संदीप खटाना, अमन त्यागी सहित भारतीय जनता पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान खेल प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने ट्रॉफी प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और आयोजन समिति का आभार प्रकट किया।भगवानपुर क्रिकेट टूर्नामेंट का यह समापन समारोह क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उपस्थित जनसमूह ने खिलाड़ियों का तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया।








