रुड़की। भारतीय जनता पार्टी जिला रुड़की द्वारा आज एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित कर कांग्रेस द्वारा हाल के संवेदनशील प्रकरण को लेकर फैलाए जा रहे भ्रामक प्रचार, झूठे आरोपों और जनभावनाओं को भड़काने के प्रयासों का कड़ा विरोध किया गया। प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, रुड़की की मेयर अनीता देवी अग्रवाल तथा राज्य मंत्री विनोद उनियाल उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए डॉ. मधु सिंह ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस ने संबंधित प्रकरण में वैज्ञानिक, तकनीकी तथा निष्पक्ष जांच के आधार पर जो तथ्य सामने रखे हैं, वे कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे आरोपों से पूरी तरह भिन्न हैं। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों को राजनीतिक रंग देकर जनता को भ्रमित करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा ऐसे किसी भी प्रयास का स्पष्ट रूप से विरोध करती है।

मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति राज्य सरकार पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन बिना तथ्यों के समाज में भ्रम फैलाना भी उतना ही गंभीर विषय है।
राज्य मंत्री विनोद उनियाल ने कहा कि पुलिस जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं। तकनीकी एवं फोरेंसिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा चिकित्सकीय परीक्षणों के आधार पर जो निष्कर्ष सामने आए हैं, उन्हें गंभीरता से देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बिना सत्य जाने केवल राजनीतिक लाभ लेने के उद्देश्य से जनता के बीच भ्रम और असंतोष फैलाने का कार्य कर रही है, जो निंदनीय है।
भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि किसी भी संवेदनशील मामले में जनता को केवल प्रमाणित तथ्यों पर ही विश्वास करना चाहिए। सोशल मीडिया अथवा राजनीतिक मंचों के माध्यम से फैलाए जा रहे अपुष्ट दावों से समाज में अनावश्यक तनाव उत्पन्न होता है। उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि तथ्यपरक और जिम्मेदार रिपोर्टिंग को प्राथमिकता दी जाए।ल
प्रेस वार्ता के अंत में भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष नीलकमल शर्मा ने स्पष्ट किया कि पार्टी महिलाओं की सुरक्षा,ल न्याय व्यवस्था की निष्पक्षता तथा कानून के शासन के पक्ष में दृढ़ता से खड़ी है। कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और दुष्प्रचार का भाजपा हर स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देती रहेगी तथा जनता के सामने सत्य को लगातार रखती रहेगी।
इस अवसर पर सावित्री मंगला, प्रवेश प्रिया, बृज मोहन सैनी,संजय अरोड़ा, सौरभ गुप्ता, सचिन झबरेड़ी, पंकज नंदा, अंकित गौतम, मंजू रावत, वीरमती यादव आदि उपस्थित रहे






