
हरिद्वार। जनपद में धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर बीती रात पूरे जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें हर छोटे-बड़े क्षेत्र पर पुलिस की पैनी नजर रही।
अभियान के दौरान मंदिरों, मस्जिदों और अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास विशेष निगरानी रखी गई। पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की।

एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट कहा कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान से आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
हरिद्वार पुलिस का यह अभियान स्पष्ट करता है कि जनपद में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।






