
उत्तराखंड में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और दूरस्थ क्षेत्रों तक संगठित बाजार व्यवस्था पहुंचाने की दिशा में सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस पहल के तहत राज्य के निर्माताओं, वितरकों, एमएसएमई इकाइयों एवं स्थापित क्षेत्रीय ब्रांड्स को ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी बाजारों में विस्तार का सुनियोजित अवसर प्रदान किया जा रहा है।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों—देहरादून, हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों—में सीएससी नेटवर्क के माध्यम से उत्पादों की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी। यह नेटवर्क राज्य के दूरस्थ एवं दुर्गम इलाकों में भी सक्रिय है, जिससे ब्रांड्स को एक विश्वसनीय एवं संगठित वितरण प्रणाली उपलब्ध होगी।
सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर के अंतर्गत उपभोक्ता एफएमसीजी, डेयरी एवं कृषि उत्पाद, ऑर्गेनिक तथा स्थानीय उत्तराखंडी ब्रांड्स को प्राथमिकता दी जाएगी। इस पहल से न केवल उद्योगों को ग्रामीण बाजारों में विस्तार का अवसर मिलेगा, बल्कि स्थानीय उद्यमियों के माध्यम से स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

इस संबंध में सीएससी उत्तराखण्ड के स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर दीपक चौहान ने बताया कि यह पहल राज्य के व्यवसायों को बिना भारी निवेश के एक सशक्त वितरण नेटवर्क से जोड़ने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि सीएससी के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की उपलब्धता बढ़ेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
इच्छुक व्यवसायी अपने उत्पादों के ऑनबोर्डिंग एवं साझेदारी संबंधी जानकारी हेतु संपर्क कर सकते हैं।






























