Skip to content
Home » घर में दिनदहाड़े चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, जेवरात बरामद

घर में दिनदहाड़े चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, जेवरात बरामद

रुड़की। जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली गंगनहर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दिनदहाड़े घर में घुसकर जेवरात चोरी करने वाले एक अभियुक्त को चोरी के माल समेत गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी ने अपने नशे के शौक को पूरा करने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया था। बीती 7 फरवरी को सिंचाई विभाग कॉलोनी निवासी चौहान ने पुलिस को तहरीर दी थी कि 6 फरवरी को सुबह करीब 11 बजे किसी अज्ञात चोर ने उनके घर की अलमारी से सोने और चांदी के जेवरात साफ कर दिए हैं। पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक गंगनहर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। पुलिस टीम सर्विलांस की मदद से आखिरकार पुलिस आरोपी तक पहुँचने में सफल रही।

14 फरवरी को सूचना पर पुलिस टीम ने अभियुक्त शुभम निवासी मिलाप नगर को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चोरी किए गए जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। जिनमें एक सोने का मांग टीका, एक बच्चे की सोने की चैन, एक महिला की सोने की चैन, एक सोने का पैंडल, एक सोने की नथ शामिल है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक राजीव उनियाल, सीआईयू प्रभारी संजय पुनिया शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *