Latest Update

भगवान ऋषभदेव का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया गया

रूड़की। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतर्गत वृहस्पतिवार को डीएवी कॉलेज मैदान स्थित अयोध्या नगरी भव्य पंडाल में जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव का मोक्ष कल्याणक महोत्सव मनाया गया।

जैन समाज के तत्वावधान में गत पांच दिनों से चल रहा तीर्थंकर भगवान की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा का पावन अनुष्ठान पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव आज धूमधाम से संपन्न हुआ। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा के दौरान जैन धर्म के श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य प्रभु की चौबीस तीर्थंकर भगवान की भक्ति भाव पूर्वक छह दिन तक धर्माराधना की। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के अंतिम दिन मोक्ष कल्याणक महोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में जैन समुदाय के अनुयायियों ने सभा स्थल पहुंचकर अर्हं योग प्रणेता मुनिश्री प्रणम्य सागर जी महाराज का आशीर्वाद ग्रहण किया। इस दौरान दिगम्बर जैन संत ने रूड़की के पंचकल्याणक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पंचकल्याणक में जैन धर्मावलंबियों ने साबित कर दिया है कि वह अपनी सनातन श्रमण संस्कृति के संरक्षण और उसके पुनर्जागरण के लिए किसी भी तप और त्याग को सदैव तैयार रहते हैं। जैन मुनि श्री ने रूड़की वासियों को अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि पंचकल्याणक प्रतिष्ठा से भगवान की मूर्ति में प्राण प्रतिष्ठा की गई है वह उसका सकारात्मक प्रभाव समूचे क्षेत्र में अवश्य पहुंचेगा। मौहल्ला कानून गोयान स्थित जैन समाज द्वारा निर्मित दिगम्बर जैन मंदिर को अतिशय क्षेत्र घोषित करते हुए कहा कि पंचकल्याणक सौभाग्य से मिलता है। उन्होंने कहा कि मोक्ष कल्याणक के साथ ही तीर्थंकर भगवान ऋषभदेव को निर्वाण हो जाता है इसे ही समस्त संसार निर्वाण महामहोत्सव के जानता है। 

इसी क्रम में पंचकल्याणक के अंतिम दिन धार्मिक विधि विधान से मोक्ष कल्याणक महोत्सव संबंधी क्रियाएं संपन्न की गई। नित्य नियम और नैमित्तिक पूजन विधान, श्रीजी को वेदी विराजमान करने संबंधी बोलियां, मंदिर शिखर पर भव्य कलशारोहण, मंगलाशीष, महाआरती जैसे अनुष्ठान भी पूर्ण किए गए। 

महोत्सव के समापन दिवस वृहस्पतिवार को तीर्थंकर भगवान प्राण प्रतिष्ठित प्रतिमाओं को डीएवी कॉलेज मैदान से गाजे-बाजे के साथ लाकर मौहल्ला कानून गोयान स्थित नवनिर्मित जैन मंदिर में जयघोष के साथ वेदी पर विराजमान किया गया।

इस अवसर पर जैन धर्म सभा उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार जैन, प्रधान अनिल कुमार जैन, एससी जैन, मंत्री अवनीश कुमार जैन, अरिंजय जैन, कोषाध्यक्ष सुभाष चन्द्र जैन, अंकुर जैन, विक्रांत जैन, भूपेंद्र जैन, सुगंध जैन, ज्ञान प्रकाश जैन, पुष्पेंद्र कुमार जैन, अशोक लक्ष्मी जैन, शुभांगी जैन, निश्चय जैन, सतीश जैन, एश जैन, अनामिका जैन, अतुल जैन, डॉ संजय जैन, सुनील जैन, डॉ रवि जैन, शलभ जैन सहित अनेक क्षेत्रीय गणमान्यजन उपस्थित रहे।

SAMARTH DD NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

SAMARTH DD NEWS