रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धन्यवाद रैली की सफलता पर भाजपा जिलाध्यक्ष एवं पदाधिकारियों ने जनता का आभार जताया। साथ ही काजी की प्रेस वार्ता को उनकी बौखलाहट बताया। 

कैनाल रोड़ स्थित भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को पत्रकारों से वार्ता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष डॉक्टर मधु सिंह ने कहा रविवार को मंगलौर में आयोजित रैली प्रदेश में हो रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों के प्रति जनता के समर्थन और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने रैली को सफल बनाने में योगदान देने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्रामवासियों, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं बुद्धिजीवियों का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा रैली की अपार सफलता के बाद विपक्षियों में बौखलाहट है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मंच से हाजी और काजी का जिक्र इसलिए किया कि इस विधानसभा में लंबे समय से इन दोनों की राजनीति रही है।

लेकिन मुख्यमंत्री के इस बयान को मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने गलत प्रचारित किया मुख्यमंत्री की ऐसी भावना नहीं थी। अपने भाषण में पुराने नेताओं का जिक्र किया जाना गलत नहीं है। वहीं उन्होंने कहा कि लिब्बरहेडी पुल उत्तराखंड के आधीन नहीं है और उसके निर्माण के लिए सरकार प्रयासरत है जल्द ही मुख्यमंत्री के प्रयासों से उसका भी कार्य शुरू होगा। राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के विकास मॉडल के सामने विपक्ष पूरी तरह विफल हो चुका है। उन्होंने कहा कि विपक्षी विधायक अपने ही क्षेत्र की उपेक्षा कर रहे हैं और उनके पास अब जनता के सामने कहने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविंद्र चौधरी ने कहा कि गांव-गांव तक सड़कों, बिजली, पानी, शिक्षा और चिकित्सा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुँचाने का कार्य भाजपा सरकार की प्राथमिकता में रहा है और यह रैली उसी विकास के प्रति जनता की सकारात्मक प्रतिक्रिया है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी पंकज नंदा ने कहा कि जिस तरह से जनता ने भारी संख्या में पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया, वह यह दर्शाता है कि भाजपा का जनाधार निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह रैली एक मजबूत और सकारात्मक संदेश लेकर आई है कि उत्तराखंड की जनता विकास के साथ है। सभी वर्ग के लोग भाजपा से जुड़ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *