Latest Update

जिन विद्यालयों में एकल अध्यापक है, उनमें शीघ्र ही अध्यापकों की व्यवस्था की जायेगी

खानपुर। ब्लाक खानपुर के राजकीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों की बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शाह ने विद्यालयों में शैक्षिक वातावरण बनाने तथा निर्धारित समय पर अध्यापकों की उपस्थिति के निर्देश दिये।

नेशनल कन्या इण्टर कालेज, खानपुर के सभागार में आहूत संस्थाध्यक्षों की बैठक में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार शाह ने कहा कि शिक्षकों की औचित्यपूर्ण समस्याओं का ससमय स्वतः ही निदान किया जाता रहेगा लेकिन शिक्षकों को इधर-उधर की बहानेबाजी छोड़कर अपने मूल कार्यों पर ध्यान देना होगा। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में एकल अध्यापक है उनमें शीघ्र ही अध्यापकों की व्यवस्था की जायेगी।

खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों का आहवान किया कि वे तन-मन से स्कूलों में बच्चों को प्रभावशाली ढंग से शिक्षण कार्य कराये तथा विभाग द्वारा मांगी जाने वाली सूचनाऐं निर्धारित प्रपत्रों पर सुस्पष्ट रूप से ससमय दें। उन्होंने लापरवाह अध्यापकों की नकेल कसते हुये कहा कि जो अध्यापक अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन नहीं करेगा उनके विरूद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। आनन्दम, मध्यान्ह भोजन तथा परख कार्यक्रमों के प्रभावी ढंग से संचालन के लिये उन्होंने बैठक में उपस्थित संस्थाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिये।

इससे पूर्व कालेज प्रबंधक डा0 घनश्याम गुप्ता, प्रधानाचार्य बलराम गुप्ता, ब्लाक अध्यक्ष केहर सिंह, प्रमोद अधाना, जोगेन्द्र सिंह, पूर्व अध्यक्ष बबलू अधाना, बी0 आर0 सी0 समन्वयक सुशील सैनी पूर्व समन्वयक पवन वर्मा, सी0आर0सी0 समन्वयक परितोष, नीलम अग्रवाल, हरेन्द्र सिंह सैनी समेत अन्य कई शिक्षकों ने माल्यार्पण कर खंड शिक्षा अधिकारी का स्वागत किया।

Samarth Bharat news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat news