
रुड़की। एआरटीओ कार्यालय के खिलाफ मिल रही शिकायतों और किसानों के आरोपों के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आशीष मिश्रा ने कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण पर पहुंचे ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आशीष मिश्रा ने बताया कि उन्हें शिकायतें मिल रही थी कि यह आरटीओ ऑफिस में कई कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर समय पर नहीं पहुंच रहे हैं और साथ ही पूर्व में किसानों की द्वारा लाइसेंस बनाए जाने एवं वाहनों के फिटनेस के नाम पर अवैध वसूली की शिकायत भी उन्हें मिली थी इस बात को ध्यान में रखते हुए उनके द्वारा आज रुड़की एआरटीओ कार्यालय का औचक निरीक्षण किया गया। जिस पर उन्होंने ऑफिस में सभी मौजूदा कर्मचारियों के आने-जाने के उपस्थित पंजीकरण रजिस्टर को चेक किया है। साथ ही उन्होंने वाहनों के पंजीकरण एवं लाइसेंस बनाए जाने की फीस के बारे में भी एआरटीओ एल्विन रॉक्सी से जानकारी ली। आशीष मिश्रा ने बताया कि सभी सरकारी विभागों को चेक करने के निर्देश उन्हें जिला अधिकारी ऑफिस से प्राप्त हुए हैं जिसको लेकर आज उनके द्वारा इस ऑफिस में यह कार्रवाई की गई है और आगे भी अलग-अलग सरकारी विभागों में इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। उनका कहना है कि आमजन को किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत न हो इस बात को भी ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है।







