Latest Update

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया,आविष्कार और खोज की दुनिया में अनुकरणीय सफलता का यही मूल मंत्र 

रुड़की। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की ने 28 फरवरी 2023 को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया। वार्षिक विज्ञान दिवस व्याख्यान मुख्य अतिथि डॉ. वी. के. सारस्वत ने दिया। डॉ. सारस्वत नीति आयोग के सदस्य और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के कुलाधिपति हैं। वार्ता का शीर्षक था- ‘आर्थिक विकास एवं सतत विकास के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’। मुख्य अतिथि ने देश की युवा प्रतिभाओं द्वारा नवाचारों पर विशेष जोर दिया ताकि भारत आने वाले दिनों में दुनिया का नेतृत्व कर सके।

शैक्षणिक मामलों के कुलशासक प्रो. अपूर्ब कुमार शर्मा ने रुड़की के सभी स्कूलों को जनवरी के महीने में आयोजित अंतर विद्यालयी विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, इंटरएक्टिव आइडिया प्रतियोगिता, विज्ञान प्रदर्शनी और ओपन हाउस में भारी भागीदारी के लिए धन्यवाद दिया। बड़ी संख्या में स्थानीय विद्यालयों ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मोंटफोर्ट स्कूल, रुड़की ने दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम पुरस्कार जीता। विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिता में कुल नौ विद्यालयों ने अपने 19 मॉडलों के साथ भाग लिया और ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल, रुड़की ने प्रथम पुरस्कार जीता। स्कूली बच्चों को मेडलिकॉट म्यूजियम, टिंकरिंग लैब और इंस्टीट्यूट इंस्ट्रूमेंटेशन सेंटर और भौतिकी एवं रसायन विज्ञान विभाग की प्रयोगशालाओं में घुमाया भा गया।विज्ञान दिवस पर मुख्य अतिथि डॉ. सारस्वत और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की के निदेशक प्रोफेसर के.के. पंत द्वारा विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए। प्रो. के.के. पंत ने छात्रों को सलाह दी कि वे अपने शुरुआती दिनों से ही स्कूल और कॉलेजों में सवाल पूछने की आदत डाल लें। आविष्कार और खोज की दुनिया में अनुकरणीय सफलता का यही मूल मंत्र है।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ और विभिन्न स्थानीय स्कूली बच्चों, आईआईटी रुड़की के संकाय सदस्यों और छात्रों ने इसमें भाग लिया।

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News