

*श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर रुड़की में निकले नगर कीर्तन का चाव मंडी में गुरु नानक सत्संग सभा गुरुद्वारा समिति द्वारा भव्य स्वागत, पंच प्यारों को पुष्पहार एवं अंगवस्त्र पहनाकर किया सम्मानित*


*रुड़की।* सिखों के प्रथम गुरु एवं सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर रुड़की नगर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण देखने को मिला। नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा नगर कीर्तन का स्वागत किया गया।




इसी क्रम में चाव मंडी में गुरुद्वारा नेहरू स्टेडियम की गुरु नानक सत्संग सभा की ओर से नगर कीर्तन का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर नगर कीर्तन की अगुवाई कर रहे पांच प्यारों का पुष्पहार पहनाकर, अंगवस्त्र भेंट कर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मान किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्री गुरु नानक देव जी के जयकारों के साथ नगर कीर्तन का स्वागत किया।
इस अवसर पर गुरु नानक सत्संग सभा के प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानव समाज को सत्य, प्रेम, समानता और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की सेवा करने की प्रेरणा दी। हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखना चाहिए।


सरदार तरनदीप सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं में नाम जपो, किरत करो और वंड छको का विशेष महत्व है। अर्थात ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना और अपनी कमाई में से जरूरतमंदों के साथ बांटना ही सच्चे जीवन का आधार है। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन जैसे धार्मिक आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और गुरु साहिब की शिक्षाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
पूजा नंदा ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान देने की शिक्षा दी तथा मानवता को एक सूत्र में पिरोने का संदेश दिया। उनका प्रसिद्ध संदेश ‘न कोई हिंदू, न कोई मुसलमान’ मानव एकता और धार्मिक सद्भाव की भावना को दर्शाता है। आज समाज को गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अत्यंत आवश्यकता है।

इस अवसर पर गुरु नानक सत्संग सभा के प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह, सरदार तरनदीप सिंह, सरदार इंद्रजीत सिंह, पंकज नंदा, पूजा नंदा, तिलकराज नंदा, सरदार सतनाम सिंह, सरदार बलबीर सिंह, सरदार जसबीर सिंह, सरदार कुलदीप सिंह, सरदार सरन जीत सिंह,वंश सहित अनेक श्रद्धालु एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने नगर कीर्तन में शामिल संगत का स्वागत कर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।





