Latest Update

चमन लाल महाविद्यालय में जनजाति गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत विचार गोष्ठी का आयोजन


लंढौरा। चमन लाल महाविद्यालय में जनजाति गौरव दिवस पखवाड़े के अंतर्गत “भगवान बिरसा मुंडा का स्वतंत्रता संग्राम में योगदान” विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का संयोजन एवं संचालन करते हुए राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने भारत की गौरवशाली विरासत में जनजातीय समुदाय के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के सामाजिक एवं आर्थिक जीवन तथा जनजातीय समाज के उत्थान के लिए किए गए उनके प्रयासों को रेखांकित किया।

इस अवसर पर समाजशास्त्र विभाग के डॉ. हिमांशु कुमार ने अपने विचार व्यक्त करते हुए जनजातीय समुदाय, विशेषकर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष एवं योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा आदिवासी समाज में सामाजिक चेतना एवं जागरूकता लाने में बिरसा मुंडा की महत्वपूर्ण भूमिका को विस्तार से बताया।

महाविद्यालय के हिंदी विभाग के आचार्य डॉ. आशुतोष शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन परिचय, संघर्षों एवं सामाजिक-आर्थिक योगदान को याद करते हुए कहा कि जनजातीय समुदाय मुख्य रूप से दूरस्थ ग्रामीण एवं वन क्षेत्रों में निवास करता था। ऐसी विषम परिस्थितियों के बावजूद भगवान बिरसा मुंडा ने अदम्य साहस और संघर्षशीलता का परिचय देते हुए समाज को जागरूक करने तथा स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन संघर्ष और प्रेरणा का प्रतीक है।

समाजशास्त्र विभाग के सहायक आचार्य नवीन कुमार ने बिरसा मुंडा के सामाजिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपनी महान विभूतियों के जीवन एवं संघर्षों के बारे में जानकारी होनी चाहिए। भगवान बिरसा मुंडा भारतीय समाज की एक महान विभूति हैं। हमें उनके जीवन, संघर्ष और विचारों का अधिकाधिक अध्ययन करना चाहिए, क्योंकि उनका संघर्ष हमें साहस, आत्मसम्मान और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के अंत में भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने बिरसा मुंडा को याद करते हुए उनके आदर्श बनने के लिए छात्र-छात्रा को प्रेरित किया l

Samarth Bharat News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat News