
रुड़की। रामनगर स्थित एक होटल में उत्तराखंड ज्योतिष परिषद की ओर से सनातन महाकुंभ-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभर से पहुंचे संतों, ज्योतिषाचार्यों और धर्माचार्यों ने ज्योतिष, धर्म एवं अध्यात्म के विभिन्न विषयों पर विचार रखे। वक्ताओं ने सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार तथा परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि भारत ने हमेशा विश्व कल्याण की भावना से अपना योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा का प्रभाव पूरी दुनिया में रहा है। उन्होंने ऋषि सुश्रुत का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत की प्राचीन शल्य चिकित्सा परंपरा आज भी विश्व के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना पर आधारित है और यहां नदियों एवं प्रकृति तक को सम्मान और पूजा की परंपरा रही है।
डॉ. निशंक ने कहा कि दुख बांटने से कम होता है और सुख बांटने से बढ़ता है। उन्होंने सनातन महाकुंभ के आयोजन पर कार्यक्रम संयोजक सौरभ भूषण शर्मा और पंडित रमेश सेमवाल को शुभकामनाएं दीं। साथ ही पंडित रमेश सेमवाल को जन्मदिन की बधाई दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष डॉ. रविंद्र पुरी महाराज ने भी पंडित रमेश सेमवाल को सनातन महाकुंभ के आयोजन और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वर्ष 2010 के कुंभ आयोजन की व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ के कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ को लेकर सरकार तैयारियों में जुटी है और संत समाज भी सरकार के साथ है। उन्होंने कहा कि अर्द्धकुंभ को महाकुंभ के रूप में मनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम आयोजक पंडित रमेश सेमवाल ने सभी संतों, ज्योतिषाचार्यों और गणमान्य अतिथियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सनातन परंपराओं को बनाए रखना और उन्हें आगे बढ़ाना उनका उद्देश्य है, जिसके लिए वह निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर डॉ. रविंद्र पुरी महाराज, स्वामी मोनानंद गिरी महाराज, कार्यक्रम संयोजक सौरभ भूषण शर्मा, राज्यमंत्री आदेश सैनी, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, दिनेशानंद महाराज, महापौर अनिता देवी अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, अनीस गौड़, राजपाल सिंह, ब्रह्मपाल सिंह सैनी, डॉ. मधु सिंह, भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल, सुशील पैंगोवाल, पार्षद राकेश गर्ग, भाजपा नेत्री रोमा सैनी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।



















