
रुड़की।

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर आज पूरे क्षेत्र में भाई-बहन के प्रेम का उत्सव देखने को मिला। इसी कड़ी में भाजपा की वरिष्ठ नेत्री रोमा सैनी ने नंद विहार रुड़की और इमलीखेड़ा क्षेत्र में पहुंचकर रक्षाबंधन का त्योहार बड़े ही हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया।
इस अवसर पर रोमा सैनी ने इमलीखेड़ा के चेयरमैन मनोज सैनी, उनके कार्यालय स्टाफ और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोगों व पर्यावरण मित्रों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके उज्जवल भविष्य व लंबी आयु की कामना की। रक्षा सूत्र बांधने के साथ ही उन्होंने सभी भाइयों से एक अनोखा संकल्प भी दिलाया। रोमा सैनी ने सभी को संकल्प दिलाया कि वे अपने जीवन की एक बुराई का त्याग करेंगे, हमेशा सच्चाई और ईमानदारी के मार्ग पर चलेंगे और समाज में बहन-बेटियों की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहेंगे। इस मौके पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष रोमा सैनी ने कहा कि, “रक्षाबंधन केवल एक त्यौहार नहीं है, यह एक पवित्र बंधन है। यह बहनों के सम्मान, उनकी सुरक्षा और भाइयों की जिम्मेदारियों का प्रतीक है। यह धागा केवल कलाई पर नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ता है। जिसे हर एक भाई पूरी आत्मीयता और निष्ठा के साथ जीवन भर निर्वहन करता है।” उन्होंने कहा कि आज के समय में इस त्योहार का महत्व और भी बढ़ जाता है, जब हमें अपनी बहन-बेटियों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण देना है। कार्यक्रम के दौरान चेयरमैन मनोज सैनी ने रोमा सैनी का आभार व्यक्त किया और कहा कि उनके द्वारा दिलाया गया संकल्प हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे हमेशा बहनों के सम्मान की रक्षा करेंगे। इस पहल से क्षेत्र में एक नई विचारधारा की शुरुआत होगी, साथ ही क्षेत्र को साफ स्वच्छ रखने में पर्यावरण मित्र सराहनीय भूमिका निभा रहे है। इस दौरान क्षेत्र के लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला और सभी ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।



















