
रुड़की। भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व शुक्रवार को रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही घरों में रक्षाबंधन को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। बहनों ने विधि-विधान के साथ भाइयों की आरती उतारकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और उनके सुख, समृद्धि, दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राखी बंधवाने के बाद भाइयों ने अपनी बहनों को उपहार भेंट किए और उनकी रक्षा करने के साथ ही हर सुख-दुख में साथ खड़े रहने का संकल्प लिया। इस दौरान परिवारों में मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दी गईं।
रक्षाबंधन को लेकर बाजारों में भी काफी चहल-पहल रही। रंग-बिरंगी राखियों, मिठाइयों और उपहारों की दुकानों पर लोगों की भीड़ नजर आई। बहनों ने अपनी पसंद की राखियां खरीदीं, वहीं भाइयों ने भी बहनों के लिए उपहार और मिठाइयां खरीदीं।
रक्षाबंधन के पर्व ने भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम और अपनत्व को और मजबूत किया। लोगों ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं देते हुए भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते की खुशहाली की कामना की।



















