
रुड़की। किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सेठपाल परमार के कार्यालय पर शनिवार को नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान सभी ने प्रदेश हाईकमान के फैसले की सराहना करते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सेठपाल परमार ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस संगठन का विस्तार होने से पूरे प्रदेश में कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। नवनियुक्त पदाधिकारी पहले से कांग्रेस के समर्पित रहे हैं। लोजमो संयोजक /वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सैनी ने कहा कि कांग्रेस लगातार पूरे देश में मजबूत हो रही है। पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ को लेकर लगातार युवाओं और उनके माता-पिता की नजर में भाजपा और सरकार की छवि ख़राब हो चुकी है। नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री अरविंद प्रधान ने कहा कि भाजपा कभी युवाओं के हित में नहीं रही है। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद हमेशा से ही सरकारी नौकरियां समाप्त कर युवाओं का भविष्य समाप्त करने का कार्य किया है। जिस कारण आज युवा और उनके माता-पिता उत्तराखंड से भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने को तैयार है। नवनियुक्त प्रदेश सचिव सुधीर शांडिल्य ने कहा कि भाजपा न तो युवाओं के हित में है और न ही किसान, मजदूर के हित में है। छोटे कारोबारियों तक को सरकार जीएसटी की खामियों और आनलाइन कारोबार लाकर समाप्त करने में लगी है। हर वर्ग भाजपा से त्रस्त है। नवनियुक्त प्रदेश सचिव प्रणय प्रताप सिंह ने कहा कि आज डबल इंजन वाली सरकार हर मोर्चे पर विफल है और सभी वर्ग भाजपा की इस सरकार को बदलने का मन बना चुके हैं। पूर्व राज्य मंत्री मेला राम प्रजापति ने कहा कि 2027 में उत्तराखंड से भाजपा की विदाई होने जा रही है। इस अवसर पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष महानगर कलीम खान, किसान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष श्रवण गोस्वामी, पूर्व पार्षद सुशील यादव, सचिन सोनकर, कमलेश कुमार, मेनपाल, इरशाद मीर, नूर आलम आदि मौजूद रहे।






