
पिरान कलियर। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत कोतवाली कलियर पुलिस ने एक वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद बाइकों में एक पिरान कलियर और दूसरी हरियाणा के यमुनानगर से चोरी की गई थी। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि कोतवाली मंगलौर क्षेत्र के बिजौली निवासी अरशद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 28 अप्रैल को नई गंगनहर किनारे कांवड़ पटरी पर रॉयल पैलेस के बाहर खड़ी उसकी स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी हो गई थी।पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सिंचाई विभाग कार्यालय धनौरी के पास से एक युवक को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अली पुत्र सलीम निवासी मुकर्रबपुर मूल निवासी नानौता, सहारनपुर उत्तर प्रदेश बताया। आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई दूसरी चोरी की बाइक भी बरामद कर ली गई।आरोपी ने बताया कि दूसरी मोटरसाइकिल हरियाणा के यमुनानगर क्षेत्र से चोरी की गई थी। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह नशे की लत और अधिक पैसा कमाने के लालच में बाइक चोरी करता था और चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने की फिराक में था। टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एएसआई कुंदन सिंह राणा, हेड कांस्टेबल इसरार अली, माजिद खान और अनीश अहमद शामिल रहे।






