समस्या का सामना करने का साहस जुटाएं छात्राएं – सुयाल  हरि ओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में आयोजित किया गया विशेष व्याख्यान 

 धनौरी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शेखर सुयाल ने कहा कि छात्राओं को समस्या का सामना करने के लिए साहस जुटाना चाहिए। समस्या का आधा समाधान साहस के साथ उसका सामना करने से हो जाता है। 

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बृहस्पतिवार को हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी में महिला सशक्तिकरण सप्ताह के शुभारंभ समारोह कोसंबोधित कर रहे थे। बालिकाओं के प्रति सोशल मीडिया पर होने वाले अपराध और उनसे बचाव विषय पर आयोजित व्याख्यान में उन्होंने कहा कि बालिकाएं सोशल मीडिया का उपयोग संभलकर करें। किसी भी ऐप को मोबाइल में इंस्टॉल करते समय यह ध्यान रखें कि उसका उपयोग क्या है और उसका उनके खिलाफ किस तरह से दुरुपयोग किया जा सकता है। बालिकाएं सोशल मीडिया अथवा समाज में किसी भी प्रकार से अपने खिलाफ हो रहे अपराध के प्रति पुलिस को तत्काल सूचना दें। प्राचार्य प्रो. मुनेंद्र सिंह ने कहा कि यह महाविद्यालय बालिकाओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है। समय-समय पर विभिन्न अधिकारियों और विषय विशेष शब्दों के माध्यम से बालिकाओं को जागरूक किया जाता है। उप प्राचार्य डॉ योगेश कुमार ने कहा कि बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करने के मामले में हरिओम सरस्वती पीजी कॉलेज धनौरी ने उत्कृष्ट स्थान हासिल किया है। महाविद्यालय की छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में अपने परिवार का नाम रोशन कर रही हैं। 

महाविद्यालय प्रबंध समिति की ओर से डॉ हर्ष सैनी और डॉ आदित्य सैनी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंध समिति की अध्यक्ष सुमन देवी ने की जबकि संचालन डॉक्टर निशा रानी ने किया।

इस अवसर पर डॉ अंजली देवी, संध्या त्यागी, डॉ मीना नेगी, डॉ रिमझिम पुंडीर, डॉ रविंद्र कुमार, डॉ जयदेव कुमार, अमित कुमार, डॉ स्वाति, अंकेश चौहान आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *