Latest Update

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का किया निरीक्षण मेले को लेकर प्रस्तावित व्यवस्थाओं की मौके पर पड़ताल कर भीड़ एवं यातायात प्रबंधन के लिए समुचित प्रबंध करने के दिए निर्देश

हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को व्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने सोमवार को कुंभ नगरी के विभिन्न क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

मेलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन, पार्किंग एवं ट्रैफिक नियंत्रण से संबंधित प्रस्तावित योजनाओं की मौके पर समीक्षा करते हुए कहा कि कुंभ जैसे विराट आयोजन के लिए सुविचारित योजना, समन्वित कार्यप्रणाली तथा निरंतर निगरानी आवश्यक है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श कर व्यवस्थाओं की व्यवहारिकता, संभावित चुनौतियों तथा उनके समाधान पर चर्चा की गई।

निरीक्षण के दौरान मेला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ बैरागी कैंप, दक्ष क्षेत्र, जगजीतपुर, गौरीशंकर क्षेत्र तथा नजीबाबाद मार्ग स्थित कुंभ नगरी के प्रवेश स्थल प्वाइंट 4.2 का भ्रमण किया गया। मेलाधिकारी ने इन क्षेत्रों में पार्किंग स्थलों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सभी सेक्टरों में मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया।

उन्होंने निर्देशित किया कि पेयजल आपूर्ति की निरंतर व्यवस्था, पर्याप्त संख्या में शौचालयों की स्थापना, नियमित साफ-सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, समुचित प्रकाश व्यवस्था तथा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। प्रत्येक सेक्टर में चिकित्सा सहायता केंद्र एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

मेलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी चिन्हित अस्थायी पार्किंग स्थलों का समय से समतलीकरण कराया जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा संपर्क मार्गों को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित किया जाए। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि सड़क मार्ग से आने वाले श्रद्धालु नगर के आंतरिक क्षेत्रों में प्रवेश किए बिना ही सुगमतापूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से निर्धारित स्नानघाटों तक पहुंच सकें। इसके लिए प्रभावी प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि हरिद्वार में निर्माणाधीन रिंग रोड तथा नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) परियोजना को ध्यान में रखते हुए पार्किंग एवं ट्रैफिक प्रबंधन की कार्ययोजना में आवश्यक संशोधन किये जांय। 

इस दौरान एसपी (सिटी) अभय सिंह ने भीड़ प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण की प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी दी। उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह ने संबंधित क्षेत्रों में की जाने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की।

Samarth Bharat news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Samarth Bharat news