
रुड़की। सोत मोहल्ले में धोबी घाट से सोत बी चौकी तक सड़क निर्माण एवं चौड़ीकरण कार्य का उद्घाटन विधायक प्रदीप बत्रा ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है।

यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क निर्माण और चौड़ीकरण की मांग क्षेत्रवासियों द्वारा काफी समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। सड़क के निर्माण से सोत मोहल्ले सहित आसपास के कई मोहल्लों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक प्रदीप बत्रा ने बताया कि इस मार्ग के बेहतर होने से लोगों को बाजार क्षेत्र के जाम से होकर गुजरने की मजबूरी नहीं रहेगी, जिससे समय की बचत होगी और आवागमन भी सुगम होगा।पार्षद संजीव राय ने इस कार्य के लिए विधायक प्रदीप बत्रा और खानपुर विधायक उमेश कुमार का आभार जताया उन्होंने कहा कि इस सड़क के बनने से बड़ी समस्या का समाधान हुआ है।

उद्घाटन कार्यक्रम के अवसर पर भाजपा अल्पंसख्यक मोर्चा के मंडल अध्यक्ष नावेद कुरैशी,पार्षद प्रतिनिधि साहिल, सुबोध चौधरी, इमरान, आतिफ, शिवम, यूनुस, इरफान सहित अनेक स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर खुशी जताई और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।




























