हरदोई। बिलग्राम थाना क्षेत्र में एक युवती की दबंगई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि सीएनजी डलवाने के दौरान कहासुनी इतनी बढ़ गई कि युवती ने कार से रिवाल्वर निकालकर पेट्रोल पंप सेल्समैन के सीने पर तान दी। मामला बिलग्राम कस्बे से दो किलोमीटर दूर सांडी रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप का है। पेट्रोल पंप कर्मी ने युवती के पिता से धक्का मुक्की की । इसके बाद ही उसने यह कदम उठाया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शाहाबाद निवासी एहसान खान अपनी पत्नी और बेटी के साथ कार से सीएनजी डलवाने पहुंचे थे। इस दौरान पंप कर्मी ने सुरक्षा मानकों का हवाला देते हुए परिवार को गाड़ी से उतरने को कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एहसान खान की बेटी ने कार से रिवाल्वर निकाल ली और सीधे सेल्समैन के सीने पर तान दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती ने धमकी भी दी कि “इतनी गोलियां मारेंगे कि पहचान भी नहीं होगी।”

घटना से पेट्रोल पंप पर हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया।

पंप कर्मचारी की ओर से आरोपी एहसान खान, उनकी पत्नी और बेटी के खिलाफ लिखित तहरीर दी गई है। इस मामले में थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। थाना प्रभारी के अनुसार, पंप कर्मी ने सुरक्षा मानकों के तहत सही निर्देश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद विवाद खड़ा हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *