
हरिद्वार। आज एसएसपी प्रमेन्द्र सिंह डोबाल की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। जनपद के विभिन्न थानों से अपनी समस्या लेकर सम्मेलन में पहुंचे कर्मचारियों की परेशानियों का निस्तारण हेतु सम्बन्धित को निर्देशित करने के पश्चात श्री डोबाल द्वारा जनपद में घटित अपराधों के खुलासे में अहम योगदान देने पर 22 जवानों को सम्मानित करते हुए उनकी पीठ थपथपाई।

इस दौरान एसएसपी द्वारा अपराध के अन्वेषण एवं उनके खुलासे में हर जवान के किरदार को महत्वपूर्ण बताते हुए नई सोच और सेवाकाल के अनुभव, दोनों को ही महत्वपूर्ण बताया।

सम्मेलन एवं सम्मान समारोह के पश्चात श्री ड़ोबाल द्वारा जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में माह अगस्त की अपराध गोष्ठी की औपचारिक शुरुआत की गई। सर्वप्रथम एसएसपी द्वारा बालाजी ज्वैलर्स डकैती प्रकरण में लगी पुलिस टीम द्वारा यूनिटी परफॉर्मैंस देते हुए अब तक किए गए खुलासे, गिरफ्तारी एवं रिकवरी पर टीम की हौसलाफजाई करते हुए कहा गया कि प्रकरण में अभी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी, शेष माल बरामदगी सहित कई टॉस्क बचे हुए हैं जिन्हे हमें टीम के रूप में काम करते हुए जल्द से जल्द पूरा करना है।
पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे अभियानों में प्रगति सहित जनपद में घटित विभिन्न अपराधों के तीन वर्षीय आंकड़ों का मुल्यांकन करने के पश्चात एसएसपी हरिद्वार द्वारा जनपद पुलिस के समक्ष पेश आयी चुनौतियों की समीक्षा करते हुए किसी भी अपराध के घटित होने की सूचना पर रिस्पांस टाइम को और अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए। थाना प्रभारी चेतक सहित गश्त/ पीकेट पर नियुक्त कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करें। किसी भी क्षेत्र में कोई भी घटना घटित होने पर संबंधित की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए।सिटी एवं देहात क्षेत्र के युवाओं में नशे की बढ़ती आदतों पर लगाम लगाने के लिए जागरुकता कार्यक्रम करें, चौपाल लगाएं, स्कूल कॉलेजों में जाएं आदि। इसके अतिरिक्त नशा कहां से आ रहा है, उस चैन को तोड़ते हुए बड़े नशा तस्करों को पकड़ना है।
इस अवसर पर एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह, एसपी सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह, एसपी ट्रैफिक/क्राइम पंकज गैरोला, एएसपी/सीओ सदर जितेंद्र मेहरा, सीओ लक्सर निहारिका सेमवाल, सीओ रुड़की नरेन्द्र पंत, सीओ मंगलौर विवेक कुमार, सीएफओ अभिनव त्यागी व जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक/ थानाध्यक्ष उपस्थित रहे।






